
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में भारतीय टीम के खिलाड़ी हाथ में काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे हैं। भारतीय टीम ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय खिलाड़ी हाथ में काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे हैं। इसके जरिए भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी है। मशहूर गायिका लता मंगेशकर का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। कोविड-19 और निमोनिया से पीड़ित होने के बाद उन्हें आठ जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, कोविड से उबरने के बाद, शनिवार को गायिका की हालत बिगड़ गई थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे भारतीय खिलाड़ी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने यह जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था, भारतीय खिलाड़ी लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में काली पट्टी बांधेंगे। राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। लता मंगेशकर की याद में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज भी सम्मान के प्रतीक के रूप में दो दिनों के लिए आधा झुका रहेगा। लता जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
एक हजार से अधिक फिल्मों के लिए गाने गाए
लता मंगेशकर एक भारतीय पार्श्व गायिका और सामयिक संगीतकार थीं और अपनी मधुर आवाज के लिए उन्हें भारत की कोकिला के रूप में जाना जाता था। 28 सितंबर, 1929 को जन्मी लता ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1942 में 13 साल की उम्र में की थी। सात दशकों से अधिक के करियर में, उन्होंने एक हजार से अधिक हिंदी फिल्मों के लिए गाने रिकॉर्ड किए। उन्होंने छत्तीस से अधिक भारतीय भाषाओं और विदेशी भाषाओं में गाने गाए।