
डेली जनमत न्यूज डेस्क। भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन की खबर से उनके चाहने वाले दुखी हैं। महान गायिका की याद में सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से की जाने लगी। कुछ लोगों ने अटलजी की फोटो के साथ लता मंगेशकर की तस्वीर लगाकर श्रद्धांजलि दी और लिखा- अटल और लता दो नाम एक समान। उल्टा, सीधा दोनों महान। दरअसल, लता मंगेशकर को 2001 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। अटल बिहारी वाजपेयी उस समय देश के प्रधानमंत्री थे।
हालांकि सोशल मीडिया पर इस तरह की प्रतिक्रियाओं के पीछे कुछ कारण भी बताए गए। दरअसल, अटल बिहारी वाजपेयी और लता मंगेशकर दोनों को ही भारत रत्न से नवाजा जा चुका है। अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति के पुरोधा थे, जबकि लता मंगेशकर गायन में महान थीं। दोनों हस्तियां कला जगत से भी जुड़ी रही हैं। अटलजी भी हिंदी के कवि थे। मेरी इक्यावन कविताएं अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं का एक प्रसिद्ध संग्रह है, जिसे 13 अक्टूबर 1995 को नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव द्वारा लॉन्च किया गया था। उनकी लिखी कई कविताओं को जगजीत सिंह ने भी गाया है, जबकि लता मंगेशकर की आवाज का जादू देश ही नहीं पूरी दुनिया में चलता रहा है।
अटल बिहारी और लता मंगेशकर ताउम्र रहे अविवाहित
अटल बिहारी वाजपेयी और लता मंगेशकर के बीच एक और समानता यह थी कि दोनों अविवाहित थे। वजहें भले ही अलग रही हों, लेकिन दोनों ने शादी नहीं की। अटल बिहारी वाजपेयी (ATAL) का नाम अंग्रेजी में उल्टा लिखा जाए तो वह लता (LATA) हो जाता है। इसी तरह लताजी का उल्टा नाम अटल हो जाता है। लता मंगेशकर ने अटल बिहारी की लिखी कविता ठन गई, मौत से ठन गई को गाया था।
दोनों की हॉस्पिटल में हुई मौत
करियर और मौत के मामले में अटल बिहारी वाजपेयी ने 2005 में राजनीति से संन्यास ले लिया था। इसके बाद वे लंबे समय तक राजनीति से दूर रहे। इस दौरान वह कई बीमारियों की चपेट में आ गए। उनकी मौत दिल्ली के एम्स में हुई, जबकि लता मंगेशकर की मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में मौत हुई। उन्होंने भी निधन से करीब तीन साल पहले 30 मार्च 2019 को आखिरी गाना गाया था। यह गाना सौगंध मुझे इस मिट्टी की था, जिसे मयूरेश पई ने कंपोज किया था।
अटली जी को पिता जैसा मानती थीं लता मंगेशकर
लता मंगेशकर और अटल बिहारी वाजपेयी की उम्र में महज चार साल का अंतर था। अटल जी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। वहीं लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को हुआ था। इसके बावजूद लता मंगेशकर उन्हें पिता जैसा मानती थीं।