
नई दिल्ली। जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का शनिवार सुबह पंजाब के फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन हो गया। वह राहुल गांधी की यात्रा में चल रहे थे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था।
वे धक्का लगने के कारण गिर गए थे जिसके बाद वे निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डाक्टर ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी उनके जालंधर स्थित घर के लिए रवाना हो गए हैं।

भारत जोड़ो यात्रा स्थगित
पार्टी सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि यात्रा आज के लिए स्थगित कर दी गई है और कल यानी रविवार (15 जनवरी, 2023) को अंतिम संस्कार किया जाएगा। अभी तक राहुल गांधी से बात नहीं हुई है लेकिन हम सभी को लगता है कि अंतिम संस्कार के बाद हम यात्रा शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार तक भारत जोड़ो यात्रा को निलंबित कर दिया जाएगा।
अस्पताल में तोड़ा दम
सांसद चौधरी संतोख सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल में लाया गया। डॉ जसजीत विर्क के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब उनकी डेथ हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों की टीम भी उनके साथ थी। अस्पताल लाते समय रास्ते में भी डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की।
पदयात्रा के दौरान हो गए थे बेहोश
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस के जालंधर के सांसद संतोख चौधरी का शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। चौधरी फिल्लौर में राहुल गांधी के नेतृत्व वाले मार्च में हिस्सा ले रहे थे, जहां वह बेहोश हो गए। यात्रा में शामिल बाजवा ने कहा कि चौधरी को फगवाड़ा के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जताया दुख
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सांसद के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।